• Wed. Feb 11th, 2026

कनाडा के स्कूल में गोलीबारी, 10 की मौत, 25 घायल; इमरजैंसी लागू

ByPunjab Khabar Live

Feb 11, 2026

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया राज्य में टंबलर रिज शहर में मंगलवार को एक हाईस्कूल में फायरिंग की गई। इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक यह सामने नहीं आया है कि मृतकों में स्टूडेंट भी शामिल हैं या नहीं। घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में इमरजैंसी लगा दी गई है।

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब डेढ़ बजे (भारतीय समयानुसार रात करीब 2 बजे) पर स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल के अंदर दाखिल हुई। वहां कई लोग घायल और मृत हालत में मिले। एक व्यक्ति जिसे हमलावर माना जा रहा है वो भी मृत पाया गया। उसके शरीर पर खुद को चोट पहुंचाने के निशान मिले हैं।

पुलिस ने आगे बताया कि हमलावर के अलावा छह और लोग स्कूल के अंदर मृत मिले। दो घायलों को गंभीर हालत में हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया। एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। 25 से ज्यादा लोगों को हल्की चोटों के साथ स्थानीय मेडिकल सेंटर में इलाज के लिए ले जाया गया। स्कूल के बाकी सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page