• Thu. Sep 3rd, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें, कैन-ड्रम लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचे लोग

ByPunjab Khabar Live

Mar 5, 2026

मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पंजाब में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। इज़रायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर लगातार हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने की अटकलें तेज हो गई हैं। इन्हीं चर्चाओं का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है।

लोगों में आशंका है कि यदि हालात और बिगड़े तो भारत समेत कई देशों में पेट्रोल और डीज़ल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसी डर के चलते वाहन चालकों ने एहतियातन अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवानी शुरू कर दी हैं।

गुरदासपुर के धारीवाल इलाके में कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। यहां वाहन चालकों के अलावा कई लोग कैन, ड्रम और बोतलें लेकर भी पेट्रोल-डीज़ल भरवाने पहुंचे। लोगों का कहना है कि वे किसी संभावित किल्लत से पहले ही तैयारी कर लेना चाहते हैं। कुछ लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही खबरों ने उन्हें चिंतित कर दिया है, इसलिए वे अतिरिक्त ईंधन स्टॉक कर रहे हैं।

पेट्रोल पंप प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीज़ल की कोई कमी नहीं है। पंप मैनेजर के अनुसार नियमित रूप से टैंकरों के जरिए ईंधन की सप्लाई हो रही है और कई दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा न करें। स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आम दिनों की तरह ही वितरण जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page