• Fri. Mar 13th, 2026

200 रुपये के नोट पर मचा बवाल, जालंधर कैंट स्टेशन पर टिकट देने से महिला क्लर्क ने किया मना

ByPunjab Khabar Live

Mar 13, 2026

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर उस समय भारी हंगामा हो गया जब छुट्टे पैसे को लेकर एक महिला टिकट क्लर्क और यात्री के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है।

जानकारी के मुताबिक यात्री टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचा और उसने 200 रुपये का नोट दिया। इस पर महिला क्लर्क ने उससे खुले पैसे लाने को कहा। यात्री ने जवाब दिया कि उसके पास 200 रुपये ही हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कर्मचारी बार-बार यात्री से छुट्टे पैसे लाने की बात कहती है। यात्री का कहना था कि काउंटर पर पैसे मौजूद हैं, लेकिन कर्मचारी न तो ऑनलाइन पेमेंट ले रही है और न ही उसे छुट्टे पैसे दे रही है।

बहस बढ़ने के बाद महिला क्लर्क ने यात्री के पैसे वापस लौटा दिए और टिकट देने से मना कर दिया। उसने कहा कि अगर वह अपने पास मौजूद 40-50 रुपये भी उसे दे देगी तो बाकी यात्रियों को छुट्टे पैसे कैसे वापस करेगी। इसके बाद यात्री को बिना टिकट और बिना समाधान के ही काउंटर से वापस लौटा दिया गया।

वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि महिला कर्मचारी ने यात्री को वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर डालने पर चेतावनी दी। उसने कहा कि अगर उसने वीडियो अपलोड किया तो वह तुरंत रेलवे पुलिस (RPF) को बुला लेगी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सामने आते ही एडवोकेट कल्पना नाम की एक यूजर ने इसे रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन को टैग कर दिया। इसके बाद फिरोजपुर डिवीजन के डीआरएम की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया दी गई और शिकायत दर्ज करने के लिए मोबाइल नंबर मांगा गया।

DRM के आधिकारिक एक्स हैंडल से जवाब देते हुए कहा गया कि कोई भी रेलवे कर्मचारी किसी यात्री के साथ बदतमीजी नहीं कर सकता। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषी पाए जाने पर महिला टिकट क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page