• Mon. Apr 27th, 2026

BJP जॉइन करने के फैसले पर बोले राघव चड्ढा, ‘गलत पार्टी में था मैं’

ByPunjab Khabar Live

Apr 27, 2026

राघव चड्ढा इन दिनों अपने राजनीतिक फैसले को लेकर सुर्खियों में हैं। आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने सोमवार (27 अप्रैल) को एक वीडियो जारी कर अपने फैसले पर विस्तार से प्रतिक्रिया दी। चड्ढा ने वीडियो में कहा कि AAP छोड़ने के ऐलान के बाद से उन्हें बड़ी संख्या में लोगों के संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां कई लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं कुछ लोग उनके फैसले के पीछे की वजह जानना चाहते हैं।

उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 15 साल आम आदमी पार्टी को दिए। खुद को संस्थापक सदस्य बताते हुए उन्होंने कहा कि वह राजनीति में करियर बनाने नहीं आए थे, बल्कि एक विचारधारा के साथ जुड़े थे और अपनी युवावस्था का अहम समय पार्टी के लिए समर्पित किया।

चड्ढा ने मौजूदा समय में पार्टी के कामकाज की आलोचना करते हुए कहा कि अब यह वह पार्टी नहीं रही जो पहले थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में काम करने का माहौल खराब हो गया है और नेताओं को अपनी बात रखने तक से रोका जाता है, यहां तक कि संसद में भी बोलने की आजादी सीमित हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी में जाने के फैसले पर उन्होंने कहा कि उन्हें लंबे समय से पार्टी में बेगानापन महसूस हो रहा था। उनके मुताबिक उन्हें एहसास हुआ कि वह सही व्यक्ति हैं, लेकिन गलत पार्टी में हैं। उन्होंने कई विकल्पों पर विचार किया, जिनमें राजनीति छोड़ना या पार्टी के भीतर बदलाव की कोशिश करना शामिल था, लेकिन अंततः उन्होंने नया राजनीतिक मंच चुनने का फैसला लिया।

चड्ढा ने यह भी कहा कि उनका फैसला व्यक्तिगत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कुल सात सांसदों ने पार्टी से नाता तोड़ा है। उनके अनुसार एक या दो लोग गलत हो सकते हैं, लेकिन सात लोगों का एक साथ ऐसा फैसला लेना गंभीर संकेत देता है।उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि उनका इस्तीफा किसी दबाव या डर की वजह से हुआ है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय निराशा, मोहभंग और असंतोष के कारण लिया गया है।

चड्ढा ने स्पष्ट किया कि पार्टी छोड़ने के बावजूद उनकी राजनीतिक सक्रियता जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वह पहले से अधिक ऊर्जा के साथ जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे और लोगों से जुड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page