शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे देशभर में कई मोबाइल फोन पर अचानक सायरन की आवाज सुनाई दी। इसके साथ ही स्क्रीन पर हिंदी और अंग्रेजी में एक अलर्ट मैसेज दिखाई दिया और सायरन बंद होने के बाद वही मैसेज ऑडियो के रूप में भी सुनाया गया। इस अचानक अलर्ट से कुछ लोग घबरा गए, जबकि कई लोग असमंजस में दिखे।
यह अलर्ट मैसेज National Disaster Management Authority द्वारा भेजा गया था। यह इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग का हिस्सा था। 2 मई को इस सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम के जरिए यह जांच की गई कि आपात स्थिति में सूचना लोगों तक कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।
इस टेस्टिंग के तहत देश के सभी राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-एनसीआर में एकसाथ मोबाइल फोन पर मैसेज भेजा गया। यह संदेश हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में भी जारी किया गया। मैसेज में साफ तौर पर बताया गया था कि यह केवल परीक्षण है और किसी प्रकार की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।
सरकार ने इस टेस्टिंग से दो दिन पहले ही लोगों को सूचित कर दिया था और अपील की थी कि इस तरह के मैसेज से घबराएं नहीं। शनिवार को भेजा गया अलर्ट केवल आपातकालीन चेतावनी प्रणाली की कार्यक्षमता जांचने के उद्देश्य से था।
