• Wed. Sep 2nd, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर हमला, लाइसेंसी रिवॉल्वर से दिया जवाब

ByPunjab Khabar Live

Jun 4, 2026

पंजाब के गुरदासपुर में भाजपा नेता विजय सोनी के पेट्रोल पंप पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के समय विजय सोनी पेट्रोल पंप पर बैठकर हिसाब-किताब देख रहे थे। अचानक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हालांकि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

विजय सोनी ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने अपने पास रखे बैग से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और हमलावरों पर जवाबी फायरिंग की। उन्होंने दो से तीन राउंड फायर किए, जिसके बाद हमलावर मौके से बाइक पर फरार हो गए। घटना के दौरान उनकी कार पर 2 से 3 गोलियां लगीं।

पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो युवक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विजय सोनी के भांजे के अनुसार, उनके मामा भाजपा के जिला ट्रेड सेल के प्रधान हैं और लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से उन्हें विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल और संदेश मिल रहे थे, जिन्हें वे अक्सर नजरअंदाज कर देते थे।

परिजनों के मुताबिक, वारदात के बाद हमलावरों ने एक मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। धमकी में कहा गया है कि यह हमला सिर्फ “ट्रेलर” था। यदि 10 दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई तो “पूरी पिक्चर” दिखाने की चेतावनी दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page