जालंधर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति पर 16 दिन के नवजात बेटे को बेचने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसके पूर्व पति ने कथित तौर पर 5 लाख रुपए लेकर बच्चे को अमृतसर की एक महिला को सौंप दिया। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
महिला शिवानी के अनुसार, 25 मई को उसका नवजात बेटा अचानक गायब हो गया। उसने आरोप लगाया कि टीकाकरण के बहाने एक युवती उसके कमरे पर आई और मौका मिलते ही बच्चे को लेकर फरार हो गई।
शिवानी का कहना है कि कुछ दिन बाद एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने दावा किया कि बच्चा उसके पास है और वह उसे संभाल नहीं पा रही। महिला ने कथित तौर पर कहा कि पैसे वापस कर दिए जाएं तो वह बच्चा लौटा देगी। हालांकि कॉल रिकॉर्ड करने की कोशिश होते ही फोन काट दिया गया और बाद में नंबर बंद हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि बच्चे के गायब होने के बाद उसके पूर्व पति ने सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की तस्वीरें साझा कीं। जब उसने इस बारे में पूछताछ की तो स्टोरी हटा दी गई। आरोप है कि बच्चे को बेचकर मिले पैसों से आरोपी ने एलईडी, कूलर और अन्य घरेलू सामान भी खरीदा।
शिवानी ने बताया कि जब उसने अपने पूर्व पति और उसके परिवार से बच्चे के बारे में पूछा तो उसे बताया गया कि बच्चा मर गया है और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बाद में मोहल्ले के लोगों से उसे जानकारी मिली कि बच्चा मरा नहीं, बल्कि उसे बेच दिया गया है।महिला का यह भी आरोप है कि उसे शिकायत न करने की धमकी दी गई और कहा गया कि अगर उसने किसी से इस बारे में बात की तो उसके लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
महिला के अनुसार, उसकी पहली शादी शिवा नामक युवक से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। करीब चार साल पहले दोनों का तलाक हो गया था। बाद में उसने अपने पुराने सहपाठी मलविंदर से दूसरी शादी कर ली। कुछ समय पहले पति से अनबन होने के कारण वह अलग रह रही थी। इसी दौरान उसका पूर्व पति फिर से संपर्क में आया और डिलीवरी के दौरान उसकी मदद करने लगा। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया।
मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी जा चुकी है। शिकायत के बाद थाना रामामंडी पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात बच्चा कहां है, उसे कथित तौर पर किसे सौंपा गया और पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
