• Sun. Sep 6th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

200 रुपए की कथित रिश्वत पर घिरे पुलिसकर्मी, जालंधर SSP की बड़ी कार्रवाई

ByPunjab Khabar Live

Jun 8, 2026

जालंधर के नूरमहल क्षेत्र में एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी पर कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप लगने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिस कर्मचारी पर खुलेआम रिश्वत लेने का आरोप लगाता नजर आ रहा है।

वीडियो में युवक दावा करता है कि वह अपनी गाड़ी से जालंधर की ओर जा रहा था। इस दौरान नूरमहल बाईपास पर लगाए गए पुलिस नाके पर उसे रोका गया। युवक के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी ने उससे पहले 500 रुपए की मांग की। बाद में दोनों के बीच 200 रुपए में बात तय हुई और युवक ने पुलिस कर्मचारी को 200 रुपए दे दिए। आरोप है कि कर्मचारी ने रकम लेकर तुरंत अपनी जेब में रख ली।

वीडियो में युवक जालंधर और लुधियाना पुलिस के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

मामले का वीडियो सामने आने के बाद जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। साथ ही उसे पुलिस लाइन्स स्थानांतरित कर दिया गया है।
SSP ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

यह जांच लखविंदर सिंह, पीपीएस, उप पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव), जालंधर ग्रामीण को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page