
पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच आप के राज्यसभा सांसद संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी 6 पुलिसकर्मियों को वापस करने की इच्छा जताई है। सीचेवाल ने डीजीपी गौरव यादव को पत्र लिखकर इन पुलिसकर्मियों को थानों में तैनात करने की मांग की है।
सीचेवाल का मानना है कि इन जवानों की तैनाती थानों में होने से क्षेत्र में पुलिसिंग मजबूत होगी और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सीचेवाल ने डीजीपी को लिखे अपने पत्र में बताया कि उनकी सुरक्षा में तैनात छह में से 3 जवान उनके पैतृक गांव सीचेवाल में रहते हैं, जबकि तीन जवान उनके साथ दौरों पर रहते हैं।
उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उनके अपने गांव में एक ही रात में चोरी की आठ घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें बिजली के तार तक चोरी कर लिए गए। इसके अलावा सुल्तानपुर लोधी में धार्मिक स्थलों पर भी अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सांसद ने अपने पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री, राज्यपाल, संबंधित डिप्टी कमिश्नर और जालंधर व कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSPs) को भी भेजी हैं। उन्होंने मांग की है कि सुल्तानपुर लोधी और लोहियां खास पुलिस थानों में कर्मचारियों की भारी कमी है। क्षेत्र में बढ़ती ड्रग्स की समस्या और उससे जुड़े अपराधों से निपटने के लिए अधिक पुलिस बल की सख्त जरूरत है।
संत सीचेवाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है और उन्होंने पहले भी सुरक्षा हटाने का अनुरोध किया था। आम आदमी पार्टी के अन्य राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद सीचेवाल पंजाब से ‘आप’ के प्रमुख चेहरा हैं। ऐसे में उनकी ओर से अपनी सुरक्षा वापस लौटाने का यह फैसला राज्य में वीआईपी सुरक्षा बनाम जन-सुरक्षा की बहस को फिर से गर्म कर सकता है।

