• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब कार समेत तालाब में समाए 5 लोग; 3 की मौत, AAP मंत्री के दोस्त थे

ByAdmin

Aug 13, 2026

पंजाब के लुधियाना में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायकोट के पास बसियां गांव में एक कार अचानक बेकाबू होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में आम आदमी पार्टी के नेता बलकार सिंह के अलावा विशाल और संदीप शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतक AAP मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी थे।

जानकारी के मुताबिक पांचों लोग एक कार में सवार होकर नकोदर से दिड़बा की तरफ जा रहे थे। रात करीब 1:15 बजे जगराओं से लगभग 12 किलोमीटर दूर रायकोट के पास बसियां इलाके में उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कार सड़क किनारे बने छप्पड़ में जा गिरी।

हादसा इतना अचानक हुआ कि कार कुछ ही पलों में पानी में समा गई। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज होने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कार के तालाब में गिरने के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और राहत दल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

मृतक संदीप के मामा शेर ने बताया कि रात में जब उन्होंने संदीप को फोन किया तो उसने कहा था कि वे माथा टेककर वापस जा रहे हैं। कुछ समय बाद परिवार को बड़े भांजे का फोन आया और बताया गया कि छोटे का जालंधर के पास एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद परिवार को हादसे की जानकारी मिली।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिए हैं। वहीं हादसे में घायल दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page