श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो के एक विमान के साथ हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, करीब सुबह 9 बजे पार्किंग के दौरान विमान एक पोल से टकरा गया। हादसे के वक्त विमान में यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
बताया जा रहा है कि इंडिगो का विमान पार्किंग एरिया में जा रहा था, इसी दौरान वह एक खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए स्थिति को लेकर चिंता पैदा हुई, हालांकि किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है।
जिस पोल से विमान की टक्कर हुई, वह Visual Docking Guidance System (VDGS) का हिस्सा है। यह सिस्टम विमानों को पार्किंग एरिया में सुरक्षित तरीके से लाने और सही जगह पर खड़ा करने में मदद करता है।
फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बताया जा रहा है। एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।

