• Sat. Sep 5th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

केरल में भयानक एक्सीडेंट, लॉरी में जा घुसी कार; 8 छात्रों ने गंवाई जान

ByAdmin

Sep 5, 2026

केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। छात्रों से भरी कार हाईवे पर खड़ी लॉरी के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और छात्रों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे कैपामंगलम के पनंबिकुन्नू इलाके में हुआ। कार में सवार सभी छात्र तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे। बताया गया कि कार गुरुवायुर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार हाईवे पर खड़ी महाराष्ट्र नंबर की लॉरी के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में 6 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 2 अन्य छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में कार सवार सभी 8 इंजीनियरिंग छात्रों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद कई छात्र कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार की हालत इतनी खराब थी कि छात्रों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को कार से बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद सभी मृतकों के शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page