• Sat. Sep 12th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में 22 हजार लीटर नकली घी पकड़ा! पुलिस ने कंपनी के खिलाफ किया केस

ByAdmin

Sep 12, 2026

पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी से भरे टैंकर के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा लिए गए देसी घी के सैंपलों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में सैंपल अनसेफ पाए गए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर थाना सिटी कोटकपूरा में ग्रेटर नोएडा की उस कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसने यह माल सप्लाई किया था।

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में संदिग्ध देसी घी एक टैंकर के जरिए कोटकपूरा लाया गया है। बताया गया कि यह टैंकर फरीदकोट रोड स्थित एक देसी घी फैक्ट्री में सप्लाई के लिए पहुंचा था। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। टैंकर की जांच के दौरान उसमें करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी भरा मिला।

टैंकर को कब्जे में लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने नियमों के तहत देसी घी के अलग-अलग सैंपल लिए थे। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। अब सामने आई जांच रिपोर्ट में सैंपल अनसेफ पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

सैंपल जांच में अनसेफ पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्रेटर नोएडा की उस कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसने संदिग्ध देसी घी की सप्लाई की थी। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध देसी घी कहां से आया था और इसकी सप्लाई किन स्थानों पर की जानी थी। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page