कनाडा के कैलगरी में फिरौती और फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक पंजाबी युवक को वांटेड घोषित किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय तनवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत अब तक तीन लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। इनमें 23 वर्षीय पंजाबी महिला भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक मामला 25 मार्च का है। आरोप है कि पीड़िता को पहले WhatsApp के जरिए फिरौती की रकम देने के लिए कहा गया था। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की ओर से पैसे नहीं दिए जाने के करीब 12 घंटे बाद उसके घर पर गोलियां चलाई गईं। वारदात के बाद आरोपी चोरी की कार में मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद 8 सितंबर को 23 वर्षीय कनूरित कौर को गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि कनूरित ने पीड़िता के बारे में हमलावरों को जानकारी देने और उसे धमकाने में मदद की थी। कनूरित कौर के खिलाफ वसूली से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे रिहा कर दिया गया और अब उसकी अगली पेशी 6 अक्टूबर को अदालत में होगी।
इससे पहले 29 जुलाई को पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया था। उस पर पीड़िता और धमकी देने वाले लोगों के बीच बातचीत कराने में मदद करने का आरोप है। हालांकि, ‘यूथ क्रिमिनल जस्टिस एक्ट’ के प्रावधानों के चलते पुलिस ने नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। गिरफ्तारी के बाद उसे भी रिहा कर दिया गया।
अब पुलिस मुख्य रूप से 21 वर्षीय तनवीर सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक उस पर शूटिंग में इस्तेमाल की गई चोरी की गाड़ी से जुड़े मामले में 5,000 कनाडाई डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति रखने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही संभावित आरोपियों और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस तनवीर सिंह के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भी जांच कर रही है।

