• Thu. Nov 12th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

मोहाली CBI कोर्ट का बड़ा फैसला! पूर्व SSP को सुनाई 7 साल की सजा

ByAdmin

Nov 12, 2026

पंजाब में करीब 34 साल पुराने एक चर्चित अपहरण और लापता मामले में मोहाली की विशेष सीबीआई (CBI) अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने 1992 में लुधियाना के एक ट्रांसपोर्टर को अगवा कर गायब करने के मामले में दोषी ठहराए गए पंजाब पुलिस के पूर्व एसएसपी (SSP) गुरमीत सिंह रंधावा को 7 साल कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पूर्व अधिकारी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यह घटना 25 नवंबर 1992 की है। लुधियाना निवासी ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी अपने साले की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए होटल अमलतास गए हुए थे। इसी दौरान तरनतारन पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। शुरुआत में परिजनों को उम्मीद थी कि पुलिस सामान्य पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर देगी, लेकिन इसके बाद अमरीक सिंह का कुछ पता नहीं चला। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

सीबीआई की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पुलिस द्वारा अमरीक सिंह को हिरासत में लिए जाने की सूचना टेलीग्राम के जरिए तुरंत तत्कालीन उच्चाधिकारियों को दी गई थी। उनकी सुरक्षित रिहाई और जानकारी जुटाने के लिए परिवार ने पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह समेत कई शीर्ष अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई थी। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद अमरीक सिंह घर नहीं लौटे। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, जिसने सबूत जुटाकर अदालत में चार्जशीट दाखिल की।

गौरतलब है कि विशेष सीबीआई अदालत ने मामले की लंबी सुनवाई के बाद बीते दिन ही पूर्व एसएसपी गुरमीत सिंह रंधावा को अमरीक सिंह सकरी के अपहरण और उन्हें लापता करने का दोषी करार दिया था, जिस पर आज सजा का ऐलान किया गया। वहीं, इस मामले में सह-आरोपी बनाए गए सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया, क्योंकि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं किए जा सके।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page