पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) की PCS मेन्स परीक्षा के नतीजे घोषित करने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही अदालत ने आगामी 16 दिसंबर तक इंटरव्यू की प्रक्रिया को भी रोकने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले में गंभीर रुख अपनाते हुए PPSC से पूरी परीक्षा का रिकॉर्ड तलब किया है।
यह आदेश उन उम्मीदवारों की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया गया है, जिन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता और धांधली का आरोप लगाया है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि एक ही परीक्षा केंद्र और लगातार क्रमवार (सीक्वेंसवाइज) तरीके से उम्मीदवारों का चयन होना सामान्य प्रक्रिया में संभव नहीं है, जिससे चयन की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या किसी अन्य स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। इसके अलावा उम्मीदवारों ने परीक्षा केंद्रों की CCTV फुटेज सुरक्षित रखने, चयनित अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक करने और परीक्षकों की योग्यता का ब्योरा सामने लाने की भी अपील की है। फिलहाल अदालत ने परिणाम और इंटरव्यू पर रोक लगाते हुए आयोग से रिकॉर्ड पेश करने को कहा है।
