• Wed. Nov 25th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में खाकी का खौफ खत्म! धमकियों की शिकायत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, मखदूमपुरा में युवक की निर्मम हत्या

ByAdmin

Nov 25, 2026

जालंधर शहर में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रहा। ताजा मामला जालंधर के मखदूमपुरा इलाके का है, जहां हमलावरों ने एक करियाने की दुकान में घुसकर युवक पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक की पहचान लक्की खोखा के रूप में हुई है।

मृतक के भाई मनमोहन सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लक्की खाना खाने के बाद घर के पास ही स्थित एक करियाने की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान शिवसेना प्रधान नरेंद्र थापर का बेटा रामकिशन अपने करीब दो दर्जन साथियों के साथ तेजधार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचा और लक्की पर पीछे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लक्की को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पीड़ित परिवार ने इस हत्याकांड के पीछे शिवसेना नेता नरेंद्र थापर के बेटों का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया है। मनमोहन सिंह का कहना है कि आरोपी उनके छोटे भाई लक्की को नशे की दलदल में धकेल रहे थे। इस बात का विरोध करते हुए परिवार ने पहले ही थाना चार में शिकायत दर्ज करवाई थी और अदालत में भी केस दायर किया था। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद से ही नरेंद्र थापर और उसके बेटे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा आज युवक की हत्या के रूप में सामने आया है।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी बराड़ ने बताया कि मखदूमपुरा में दो गुटों के बीच चल रहे पुराने विवाद के चलते लक्की गुट पर दूसरे पक्ष के युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला किया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद (बाय-नेम) एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page