जालंधर मखदूमपुरा इलाके में हुए युवक के सनसनीखेज हत्याकांड में जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस कत्ल में शिवसेना नेता नरेंद्र थापर और उसके साथियों की सीधी भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नरेंद्र थापर और उसके साथी दीपक राणा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी शहर छोड़कर फरार होने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मखदूमपुरा में बीती रात कुछ युवकों ने हमला कर एक कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी थी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मामले की गहन जांच के दौरान शिवसेना नेता नरेंद्र थापर, उसके बेटों और अन्य साथियों के नाम सामने आए। पुलिस ने जालंधर से भागने की कोशिश कर रहे नरेंद्र थापर और दीपक राणा को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस वारदात में शामिल रामकिशन, रंजन थापर और अन्य फरार आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए शिवसेना नेता नरेंद्र थापर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। उसे सुरक्षा के तौर पर पुलिस विभाग की ओर से दो गनमैन मिले हुए थे। हत्याकांड में नाम आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए उसके दोनों गनमैन तत्काल प्रभाव से वापस बुला लिए हैं और उसका लाइसेंसी हथियार भी जब्त कर लिया है।
हत्या के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के परिजन अपने बेटे को नरेंद्र थापर के बेटे से दोस्ती न रखने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव इतना बढ़ गया कि इसने खूनी वारदात का रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किए जा सकें और अन्य आरोपियों का सुराग मिल सके।
