पंजाब कोहरे का कहर लगातार जारी है। वहीं पर पंजाब प्रीमियम ट्रेन शताब्दी के पहिये भी जाम करके रख दिए हैं। अमृतसर-नई दिल्ली-अमृतसर के बीच चलने वाली प्रीमियम ट्रेन शताब्दी एक्सप्रैस पिछले कई दिनों से रोजाना 6 से 7 घंटे की देरी से चल रही थीं। कोहरे और धुंध के कारण अमृतसर से दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस रद कर दी गई है। करीब 500 से ज्यादा यात्रियों की टिकटें कैंसल कर रेलवे उनके पैसे रिफंड कर रहा है।
वहीं दूसरी तरफ मंगलवार को नई दिल्ली से चलकर दोपहर 12 बजे जालंधर आने वाली शताब्दी एक्सप्रैस (12029) ट्रेन रात 7.30 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी तरह शाम को अमृतसर से चलकर नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी (12030) भी जालंधर सिटी से रात 11 बजे रवाना हुई जबकि इसका जालंधर सिटी में समय शाम 6 बजे का है। उक्त ट्रेनों की लगातार बिगड़ रही समय सारणी को दुरुस्त करने के लिए एक दिन ट्रेन को रद्द करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं था। बुधवार को इन ट्रेनों में सफर करने वाले उन यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी, जिन्होंने काफी समय पहले टिकटें बुक करवाई हुई थीं।
