जालंधर के थाना आदमपुर से हाईवे लुटेरा गैंग का एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जालंधर देहात पुलिस की CIA स्टाफ की टीम ने वीरवार को उसे गिरफ्तार किया था। बाद में उसे थाना आदमपुर पुलिस को सौंपा गया था। आरोपी कल थाने से फरार हो गया। उसकी पहचान अमृतसर के रहने वाले राजा अंबरसरिया के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी मामले में पुष्टि करने से मुंह मोड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार राजा अंबरसरिया गुरुवार को रात थाना आदमपुर में ही था। इस दौरान थाना आदमपुर के एसएचओ मनजीत सिंह छुट्टी पर थे। स्टाफ की लापरवाही से उक्त आरोपी शुक्रवार को थाने से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी एक गाड़ी में बैठकर भागा है। उस गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस अमृतसर सहित विभिन्न बॉर्डर एरिया पर सर्च कर रही है। ताकि उसका पता चल सके।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजा अंबरसरिया का असल नाम अजयपाल है। वह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला है। इसके खिलाफ हेरोइन और वेपन तस्करी के कई केस दर्ज हैं। आरोपी के लिंक पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के साथ थे। इसको लेकर पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही थी। मगर वह थाने से ही फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को आरोपी का करीब तीन दिनों का पुलिस रिमांड मिला था। आज आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश करना था। मगर उससे पहले आरोपी फरार हो गया। थाना आदमपुर की पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, उसकी तलाश जारी है।
