पंजाब विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सीएम भगवंत मान और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर बाद अपनी ही एक टिप्पणी पर फंस गए। इसको लेकर आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली ने कांग्रेस विधायकों के साथ पंजाब सरकार के खिलाफ विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन किया। सीएम भगवंत मान ने पंजाब विधानसभा सत्र के दूसरे दिन यानी कल आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली को कहा कि इनका दिमाग खराब हो गया है, इसे जुत्ती सुंघाओ। इसको लेकर आदमपुर के विधायक भावुक हो गए और उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई थीं।
वहीं, पंजाब विधानसभा सत्र के तीसरा दिन शुरू होने से पहले आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनके साथ विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और दीनानगर से पार्टी विधायक अरुण चौधरी भी दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस के विधायक मुख्यमंत्री भगवंत मन की सुखविंदर कोटली के खिलाफ कल की गई टिप्पणी से नाराज हैं।
विपक्ष नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कल मुख्यमंत्री ने जिस तरह का तौर तरीका इस्तेमाल किया है वह आज तक कभी नहीं किया गया। जो कुछ हुआ है। उन्होंने कहा कि स्पीकर ने सारा बिजनेस मुख्यमंत्री के ड्रामे के लिए बदला था। काबिले गौर है कि कल प्रश्न काल और शून्य काल गवर्नर एड्रेस पर हुई बहस के बाद लिया गया।
