• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

बॉलीवुड के दबंग सलमान खान के घर फायरिंग मामले में आया नया मोड़, जालंधर से जुड़ा कनेक्शन

ByPunjab Khabar Live

Apr 17, 2024

बॉलीवुड के दबंग कहे जाने वाले सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में एक नया मोड़ सामने आ रहा है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी सागर पाल बिहार के पश्चिम चंपारण का रहने वाला है। पश्चिम चंपारण जिले के गौनाहा थाना क्षेत्र महसी गांव निवासी आरोपी सागर के पिता का एक बयान सामने आया है। सागर के पिता जोगिंदर शाह ने कहा कि जब उन्हें मुंबई में एक्टर सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी में अपने बेटे के नाम के बारे में पता चला तो वे हैरान रह गए। जोगिंदर शाह ने आगे कहा, “मैं दिहाड़ी मजदूर हूं। मुझे इस मामले में अपने बेटे की संलिप्तता के बारे में सोशल मीडिया से ही पता चला। जब मुझे उसकी इस करतूत के बारे में पता चला तो यह मेरे लिए एकदम से चौंकाने वाला था। हम नहीं जानते कि ये सब कैसे हुआ। वह पहले कभी किसी भी अपराध में लिप्त नहीं था। कुछ साल पहले वह जालंधर में काम कर रहा था। मुझे नहीं पता कि वह आखिर मुंबई कैसे पहुंचा।”

ऐसी खबर सामने आ रही है कि महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम ने दोनों आरोपियों के परिवारों से पूछताछ की थी। खबरों के मुताबिक, आरोपियों के परिवार के कुछ सदस्यों को भी हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि, पश्चिम चंपारण जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले में चुप्पी बनाए हुए हैं। इस मामले में एसपी डी.अमरकेश ने कहा, “आरोपी के परिवार के किसी भी सदस्य को गिरफ्तार नहीं किया गया है।” साथ ही उन्होंने आगे इस पर कोई अन्य टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट में स्थित सलमान खान के घर के बाहर 5 राउंड गोलियां चलाने के बाद भाग रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सोमवार की देर रात कच्छ जिले के एक गांव में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी दे दें कि 14 अप्रैल को मुंबई पुलिस ने सागर पाल और विक्की गुप्ता नाम के दो आरोपियों को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित एक्टर के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page