• Thu. Feb 5th, 2026

पंजाब से बड़ी खबर: दागदार खाकी, गैंगस्टर टीनू को भगाने का आरोपी SI ने चंडीगढ़ में गैंगस्टरों के साथ की थी पार्टी, वीडियो वायरल

ByPunjab Khabar Live

Oct 30, 2022

(PKL): पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल शूटर दीपक टीनू को भगाने वाला मानसा सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) स्टाफ के पूर्व इंचार्ज SI प्रितपाल सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के एक क्लब में मस्ती करता दिख रहा है। SI प्रितपाल 13 जुलाई को चंडीगढ़ आया था और 14 जुलाई का यह वीडियो अब सामने आया है।

गैंगस्टर लॉरेंस के ‘क्लोज एसोसिएट’ और शूटर दीपक टीनू के साथी मोहित भारद्वाज ने गैंगस्टर के कहने पर SI के लिए इंतजाम कराया था। यह वीडियो 14 जुलाई का बताया जा रहा है। चंडीगढ़ के बापू धाम के मोहित को बीते शुक्रवार पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद यह अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगी। यह वीडियो भी मोहित ने ही शूट किया था। वहीं दूसरी ओर 2 दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहे मोहित को आज चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम पंजाब के तरनतारन लेकर गई। उससे बरामद USA मेड पिस्टल की खरीद की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम पंजाब में है। मोहित ने तरनतारन से ही पिस्टल ली थी। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मोहित, टीनू और लॉरेंस का नाम इस्तेमाल कर शहर के कई बिजनेसमैन और क्लब मालिकों से प्रोटेक्शन मनी के रूप में वसूली कर चुका है।

वहीं पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी मोहित भारद्वाज ने गैंगस्टर दीपक टीनू के नाम का इस्तेमाल कर और किस-किस व्यक्ति को सुविधाएं प्रदान करवाई थीं। वहीं जिन क्लबों का नाम सामने आया है उनके मालिकों को बुला कर पुलिस पूछताछ कर रही है। इन क्लब मालिकों से यह भी पूछा जाएगा कि उनकी टीनू से क्या बात हुई थी और क्या कहा गया था। जिस होटल में प्रितपाल को ठहराया गया था, उसके मालिक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

मोहित का 2 दिन का रिमांड खत्म होने पर सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। टीनू को बीते शुक्रवार शास्त्री नगर लाइट पॉइंट से पिस्टल समेत पकड़ा गया था। चंडीगढ़ में उसके खिलाफ 2 आपराधिक केस पहले से ही दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page