जालंधर: शहर में भाजपा नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए शहर के सबसे व्यस्त संविधान चौक और श्री गुरु रविदास चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया। इस दौरान नकोदर रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने और जाम के कारण इन इलाकों में ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया।
आम जनता और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक को अन्य मार्गों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। दरअसल, हाथों में तख्तियां लिए भाजपा कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।
नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने में पूरी तरह नाकाम रही है। कई हलकों में नशा बिकने के आरोप लगाए गए। उनका कहना है कि कुछ नेताओं की तऱफ से नशे के कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन उसमें कुछ नहीं कर रही है। पुलिस को शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
