बटालाः खजूरी गेट जस्सा रामगढि़या चौक के पास रात नौ बजे एक बूट हाउस के सामने कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग करके दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इस फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस घटना के बारे में फायरिंग करने वालों की जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं आज हिंदू संगठनों द्वारा बटाला के बाजार को बंद करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बटाला बंद का उनके द्वारा आहवान किया गया था। लोगों में पुलिस प्रशासन को लेकर रोष पाया जा रहा है।
मृतकों की पहचान सरबजीत सिंह उर्फ काका निवासी गांव बूलेवाल और कनव महाजन निवासी गांधी चौक बटाला के रूप में की गई है। घायलों की पहचान अमृतपाल सिंह निवासी बटाला, युगल किशोर, अमनजोत सिंह निवासी उमरपुरा बटाला, संजीव सेठ निवासी खूजरी गेट बटाला और बूट शोरूम मालिक चंद्र चंदा निवासी बटाला के रूप में की गई है। फायरिंग की वजह रंजिश बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार रात कुछ अज्ञात हमलावर जस्सा रामगढि़या हाल के पास आए और एक बूट हाउस के पास रुक गए। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सिविल अस्पताल बटाला में तैनात डॉ.साहिल ने बताया कि सरबजीत और कनव की मौत मौके पर ही चुकी थी। घायलों का इलाज बटाला के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
इन घायलों में से दो को अमृतसर रेफर कर दिया गया है। डीएसपी सिटी संजीव कुमार ने बताया कि इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो चुकी है, पांच घायल हुए है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
