जालंधर : फिल्लौर में श्री गुरु रविदास महाराज जी के गुरुद्वारे में आग लग गई। इस घटना में पावन स्वरूप अग्नि की भेंट चढ़ गए। घटना देर रात की है। मामले की जानकारी देते हुए तरना दल के निहंग सिंह ने बताया कि गांव अनीर में स्थित गुरुद्वारा साहिब में आग लगने की घटना की सूचना उन्हें आज सुबह मिली थी। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान पता चला है कि शॉर्ट सर्किट के कारण गुरुद्वारा साहिब में आग लगी थी और पावन स्वरूप अग्नि की भेंट चढ़ गए। उन्होंने कहा कि यह काफी निंदनीय घटना है। निहंग सिंह ने इसे गांव वासियों की लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि 2 दिन पहले गुरुद्वारा साहिब सिंह नगर कीर्तन निकाला गया। उनका कहना है कि इस घटना को लेकर जब स्थिति का जायजा लिया गया तो पावन स्वरूपों के पास अगरबत्ती माचिस जली हुई पाई गई। ऐसे में निहंग सिंह ने गांव वासियों से पुलिस को मामले की जनता से जांच करने की अपील की है।
उनका कहना है कि यह गंभीर विषय है इसकी बारीकी से जांच होनी चाहिए। वहीं दूसरी ओर मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधिकारी भारत मसीह ने बताया कि देर रात गुरुद्वारा साहिब में आग लगने की सूचना मिली थी। लोगों द्वारा समय रहते ही आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस घटना में पावन स्वरूप अग्नि भेंट चढ़ गए। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
