जालंधर: मेहतपुर में दो दिन पहले जमहूरी किसान सभा के नेता और सरपंच महिंदर सिंह पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ शीलू को पुलिस ने मंगलवार रात एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। आरोपी ने पुलिस नाका तोड़कर भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में शीलू के पैर में गोली लगी है, जिसे देर रात सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सुखजीत के 4 अन्य साथियों की भी पहचान कर ली है। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें देर रात तक अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करती रहीं।
एसएसपी हरिंदर सिंह विर्क ने बताया कि सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी इलाके में देखा गया है। इसके बाद नाकाबंदी की गई। जब पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, तो उसने गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
