मिडिल ईस्ट में चल रहे सैन्य तनाव का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। राज्य में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार प्रभावित हो रहा है। मौजूदा हालात में कई कारोबारियों के पास केवल 2 से 3 दिन का ही गैस स्टॉक बचा है, जिससे आने वाले दिनों में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
पंजाब में इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और गैस की कमी का सीधा असर विवाह समारोहों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अनुमान है कि यदि जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो राज्य में होने वाली करीब 10 हजार से ज्यादा शादियों के मेन्यू पर असर पड़ सकता है और कई आयोजनों में खाने की वैराइटी कम करनी पड़ सकती है।
गैस की कमी के चलते कई परिवार शादी की तैयारियों के बीच रिश्तेदारों और दोस्तों से LPG सिलेंडर उधार लेकर इंतजाम करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि यह व्यवस्था लंबे समय तक पर्याप्त साबित नहीं हो सकती और स्थिति गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।
पंजाब होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अनुसार फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद हो चुकी है। जिन लोगों के घरों में शादी या अन्य बड़े कार्यक्रम तय हैं, उनके लिए यह स्थिति बड़ी परेशानी का कारण बन रही है। एक-दो दिनों में समाधान नहीं निकला तो हालात और बिगड़ सकते हैं। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए एसोसिएशन की एक बैठक भी बुलाई गई है।
फिलहाल गैस एजेंसियां नई सप्लाई देने के बजाय पहले से की गई बुकिंग को ही पूरा करने में लगी हैं। जानकारी के मुताबिक करीब 7 से 8 दिनों की पेंडेंसी चल रही है, जिससे होटल और कैटरिंग कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। फरीदकोट, होशियारपुर और पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद बताई जा रही है। वहीं लुधियाना और फरीदकोट में सर्वर डाउन होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग भी प्रभावित हो रही है।
