पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक बार फिर सदन में हंगामा देखने को मिला। इस दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों नेताओं के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान भी हुआ।
दरअसल, वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने सदन में बोलते हुए सुखपाल सिंह खैहरा के एक इंटरव्यू का जिक्र किया। इसके बाद विधानसभा में “शेम-शेम” के नारे लगने लगे। चीमा ने आरोप लगाया कि खैहरा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं जो समाज के लिए ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग लग्जरी गाड़ियों में घूमते हैं और चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। इसी बीच दोनों नेताओं के बीच बहस तेज हो गई और सदन का माहौल गरमा गया।
हरपाल चीमा ने स्पीकर से शिकायत करते हुए कहा कि खैहरा सदन में बदतमीजी करते हैं। इस पर आम आदमी पार्टी के कई विधायक अपनी सीटों से खड़े हो गए और विरोध जताया। उनका कहना था कि खैहरा विधानसभा में गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं और महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। इसी दौरान चीमा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “जहां मर्जी आ जा, बाहर आ जा, तेरे जैसे कई बदमाशों की बदमाशी निकाली है।”
