• Thu. Sep 10th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में 2500 का इंडक्शन हुआ 3700 का! LPG संकट से इलेक्ट्रिकल चूल्हों के दाम में बड़ा उछाल

ByPunjab Khabar Live

Mar 13, 2026

देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। जालंधर में कई जगहों पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण लोग मजबूरी में इलेक्ट्रिकल चूल्हे यानी इंडक्शन की ओर रुख कर रहे हैं। अचानक बढ़ी मांग के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हों की कमी देखने को मिल रही है और दुकानों में स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है।

फगवाड़ा गेट इलाके में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले सीएच बेदी के मुताबिक पहले इंडक्शन की मांग ज्यादा नहीं थी। लेकिन एलपीजी गैस की किल्लत के बाद पिछले 2 से 4 दिनों में इसकी डिमांड तेजी से बढ़ गई है। उनका कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक इंडक्शन खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। अचानक बढ़ी बिक्री के कारण कंपनियों के पास भी स्टॉक तेजी से कम हो रहा है और कई दुकानों में सामान खत्म होने की स्थिति बन रही है।

वहीं एक अन्य दुकानदार सोनिका के अनुसार गैस सिलेंडर न मिलने के कारण इलेक्ट्रिकल चूल्हों की मांग में भारी उछाल आया है। पहले जिस इंडक्शन चूल्हे की कीमत करीब 2500 रुपये थी, वही अब 3700 रुपये या उससे अधिक में बिक रहा है। उनके मुताबिक अचानक बढ़ी मांग और बाजार में सप्लाई कम होने के कारण कीमतों में करीब 1000 से 1200 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि इस समय करीब 90 प्रतिशत ग्राहक इंडक्शन चूल्हा खरीदने की तरफ झुकाव दिखा रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि अगर एलपीजी गैस की सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो इंडक्शन चूल्हों की कमी और बढ़ सकती है। लगातार बढ़ती मांग के कारण बाजार में स्टॉक तेजी से खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page