पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले काफी समय से फरार चल रहे थे। पुलिस को जैसे ही उनकी लोकेशन के बारे में जानकारी मिली तो तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पठानमाजरा पर एक महिला के साथ यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इससे पहले भी उन्हें इस मामले में हिरासत में लिया गया था, लेकिन वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गए थे और ऑस्ट्रेलिया भाग गए थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया।
मंगलवार देर रात पठानमाजरा ग्वालियर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। दरअसल, यौन शोषण मामले में सुप्रीम कोर्ट में उनकी सुनवाई तय थी। इसी दौरान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस को उनकी लोकेशन मिली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों में पंजाब में आम आदमी पार्टी के दो विधायक गिरफ्तार हो चुके हैं। इससे पहले लालजीत सिंह भुल्लर को रंधावा सुसाइड केस में गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
