• Mon. Mar 30th, 2026

7 अक्टूबर से पंजाब में शुरू होगी एशियाई हॉकी चैंपियनशिप: नितिन कोहली

ByPunjab Khabar Live

Mar 30, 2026

जालंधर: पंजाब में पहली बार आयोजित होने जा रही एशियाई हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की शुरुआत 27 अक्टूबर से होगी, जबकि इसका समापन 5 नवंबर को किया जाएगा। यह टूर्नामेंट राज्य के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए हॉकी पंजाब के अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने बताया कि टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए निरीक्षण टीम मोहाली से जालंधर पहुंची है। टीम अपनी रिपोर्ट हॉकी इंडिया को सौंपेगी, जिसके बाद इसे एशियाई हॉकी महासंघ को भेजा जाएगा और अंतिम तारीखों की घोषणा की जाएगी।

कोहली ने बताया कि टूर्नामेंट के उद्घाटन और समापन मैच मोहाली के स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि बाकी सभी मैच जालंधर के सुरजीत हॉकी स्टेडियम (बर्लटन पार्क) में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, चीन, कोरिया, जापान और मलेशिया सहित कई बड़ी टीमें भाग लेंगी, जबकि अन्य टीमों के शामिल होने की भी संभावना है।

निरीक्षण के दौरान हॉकी इंडिया के डायरेक्टर (ऑपरेशन) विक्रम सिंह, ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी और पंजाब खेल विभाग के सहायक निदेशक गुरजंट सिंह, जालंधर के सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू, हरमीक सिंह पवार, संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी सुरजीत हॉकी स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान स्टेडियम की तैयारियों और सुविधाओं का जायजा लिया गया।

कोहली ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले स्टेडियम की तस्वीर पूरी तरह बदल दी जाएगी और खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के लिए अलग मैदान भी तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण रिपोर्ट 2 से 3 दिनों में आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बर्लटन पार्क का काम अंतिम चरण में है और 70 से 80 करोड़ रुपये की इस परियोजना का उद्घाटन भी टूर्नामेंट के साथ करने की योजना है।

अंत में, नितिन कोहली ने आम आदमी पार्टी के केंद्रीय हल्का इंचार्ज के रूप में कहा कि पंजाब सरकार इस टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page