• Sun. May 3rd, 2026

जबलपुर बरगी डैम हादसे, अब तक 9 शव बरामद; 28 लोग बचाए गए

ByPunjab Khabar Live

May 1, 2026

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी और खराब मौसम के कारण पानी में समा गया। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, अभी भी 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हादसा गुरुवार शाम करीब 5 बजे उस समय हुआ जब क्रूज किनारे से लगभग 300 मीटर की दूरी पर था। घटना के वक्त हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी। इस त्रासदी में बड़ा खुलासा यह हुआ है कि क्रूज पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार केवल 29 पर्यटकों के टिकट कटे थे, लेकिन चश्मदीदों और प्रशासन के मुताबिक हादसे के समय क्रूज पर 43 से 47 पर्यटक सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही बरगी सिटी सीएसपी और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती राहत कार्य में 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, शाम होते-होते बढ़ते अंधेरे और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं और इसे रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह एक बार फिर से गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके।

इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री आज दोपहर 4 बजे स्वयं जबलपुर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले सकते हैं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page