• Mon. Sep 21st, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

AAP विधायक को गैंगस्टर ने दी सरेआम मारने की धमकी! सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

ByPunjab Khabar Live

May 4, 2026

लुधियाना के पायल से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा और गैंगस्टर डोनी बल के बीच तीखी टकराव की घटना सामने आई है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान को मिली धमकी के बाद विधायक ने खुद फोन लेकर गैंगस्टर से सीधे बात की। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अविनाशप्रीत जल्ला को गैंगस्टर डोनी बल ने फोन कर धमकाया। इस दौरान विधायक ग्यासपुरा ने फोन लेकर गैंगस्टर को ललकारते हुए कहा कि ऐसे कई लोगों को देख चुके हैं, जो बाहर बैठकर युवाओं को हथियार उठाने के लिए उकसाते हैं।

फोन पर हुई बातचीत के दौरान गैंगस्टर ने विधायक को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी और कहा कि पहले जल्ला और फिर उनका नंबर है। इसके जवाब में विधायक ने कहा कि पहले उन्हें मारकर दिखाए, उसके बाद किसी और के बारे में सोचे। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बहस चली, जिसका वीडियो सामने आया है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में गैंगस्टर ने विदेशी नंबर से कॉल कर विधायक को धमकी दी थी। इसके बाद पायल में विधायक के एक करीबी की दुकान पर फायरिंग भी की गई थी। दो-तीन दिन पहले गैंगस्टर के गुर्गों ने विधायक की मीडिया टीम के एक सदस्य को राणो पुल के पास घेरकर जान से मारने की धमकी दी। उसे चेतावनी दी गई कि वह विधायक से जुड़ा हुआ है और अपना हिसाब चुकता कर ले।

लगातार मिल रही धमकियों के बाद विधायक ग्यासपुरा ने गौरव यादव को पत्र लिखकर अपनी और अपने सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page