• Mon. May 11th, 2026

PRTC की चलती बस में पुलिसकर्मी और बस स्टाफ के बीच विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ByPunjab Khabar Live

May 11, 2026

कपूरथला में PRTC की बस में एक पुलिस कर्मी और बस कर्मचारी के बीच जमकर हंगामा हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कर्मी बस स्टाफ के साथ बहस और गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि विवाद के दौरान पुलिस कर्मी ने पिस्तौल निकाल ली और बस कर्मचारी को गोली मारने की धमकी दी।

वायरल वीडियो में बस कर्मचारी पुलिस कर्मी से अपना कसूर पूछता दिखाई दे रहा है। कर्मचारी का कहना था कि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहा था। इसके बावजूद पुलिस कर्मी गुस्से में लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा।बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस कर्मी ने पिस्तौल निकालकर कर्मचारी को धमकाया। बस में मौजूद कुछ यात्रियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने की कोशिश की।

घटना के दौरान बस में मौजूद सवारियां भी पुलिस कर्मी को शांत रहने की अपील करती नजर आईं। हालांकि वीडियो में पुलिस कर्मी लगातार गुस्से में दिखाई दे रहा है।इस दौरान उसने कथित तौर पर बस कर्मचारी को धमकी देते हुए कहा कि उसे अभी तक कोई “सही पुलिस अधिकारी” नहीं मिला है। बाद में पुलिस कर्मी अपने साथी के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा।

बस कर्मचारी ने कार चालक को रोकते हुए पूरे मामले की शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी है, इसलिए उसे मौके से जाने नहीं दिया जाएगा।इसके बाद कई यात्री बस से उतर आए और कार को घेर लिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी ने बस में सफर के दौरान टिकट भी नहीं लिया था।

वीडियो में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कर्मी पर शराब पीकर हंगामा करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस कर्मी ने कहा कि उसका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था और वह बीपी की दवा ले रहा है।मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। बस कर्मचारियों का कहना है कि अब आगे की कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page