• Mon. May 11th, 2026

पंजाब में हो गया चुनाव का ऐलान! इस तारीख से राज्य में होगी निकाय चुनाव वोटिंग

ByPunjab Khabar Live

May 11, 2026

पंजाब में निकाय चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 26 मई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 29 मई को की जाएगी। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न करवाई जाएगी।

राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. राज कमल चौधरी ने बताया कि उम्मीदवार 13 मई से 16 मई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन जमा करवाने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच यानी स्क्रूटनी की जाएगी।

इस दौरान उम्मीदवारों को चुनाव कार्यालय में मौजूद रहने और रिटर्निंग अफसर के सामने अपनी आपत्तियां रखने का अवसर मिलेगा। यदि किसी उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जाता है, तो इसकी जानकारी उसी दिन दी जाएगी। 19 मई को उम्मीदवारों के पास नामांकन वापस लेने का अंतिम मौका रहेगा। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार राज्य की 8 नगर निगमों में चुनाव कराए जाएंगे। इनमेंमोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट शामिल हैं। इसके अलावा 76 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायतों में भी चुनाव करवाए जाएंगे। चुनाव के लिए राज्यभर में 3977 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार कुल 36,72,932 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 18 लाख 990 पुरुष मतदाता, 17.73 लाख महिला मतदाता और 226 अन्य मतदाता शामिल हैं।

निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग ने इस संबंध में सरकार को पत्र भेज दिया है। आचार संहिता लागू होने के बाद अब सरकारी तबादलों और नई घोषणाओं पर रोक लग जाएगी।चुनाव आयोग का कहना है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page