एक्टर योगराज सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक डायलॉग के कारण उन पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में चंडीगढ़ के दो एडवोकेट्स ने SSP चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप को आधार बनाया है। यह क्लिप एक वेब सीरीज से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें एक महिला पुलिस अधिकारी की भूमिका दिखाई गई है। आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
एडवोकेट उज्ज्वल भसीन ने अपनी शिकायत में योगराज सिंह के साथ-साथ इस कंटेंट के निर्माण, निर्देशन और प्रसारण से जुड़े लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है और इस मामले में तुरंत FIR दर्ज की जानी चाहिए।
महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

वहीं इस मामले को लेकर महिला आयोग ने भी सख्ती दिखाई है। आयोग ने योगराज सिंह से जुड़े वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप का स्वतः संज्ञान लिया है। अब इस मामले में पुलिस और संबंधित एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
