पंजाब में पेट्रोल और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है। वहीं, धान रोपाई से पहले डीजल की कीमत 87.83 रुपए से बढ़कर 90.78 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, अलग-अलग शेहरों में दामों में अंतर है। चंडीगढ़ में भी पेट्रोल के दाम ₹94.30 से बढ़कर अब ₹97.44 और डीजल ₹82.45 प्रति लीटर से बढ़कर ₹85.56 प्रति लीटर हो गए हैं।
उधर, पेट्रोल पंप एसोसिएशन का कहना है कि फ्यूल के दामों में अभी और इजाफा हो सकता है। पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। लुधियाना पेट्रोल एसोसिएशन के प्रधान अशोक सचदेवा ने कहा कि तेल की कीमतें कच्चे तेल की महंगाई के हिसाब से अभी काफी कम बढ़े हैं। लोग भी प्रिपेयर थे कि इतना तो रेट बढ़ेगा ही। लोगों को अपने वाहनों का उतना ही इस्तेमाल करना चाहिए जितनी जरूरत हो।
आने वाले दिनों में कीमत और भी बढ़ सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों के सावधानीपूर्वक उपयोग का सुझाव दिया था। पीएम ने कहा था कि आज समय की मांग है कि पेट्रोल, गैस और डीजल का उपयोग बहुत संयम से किया जाए। हमें आयातित पेट्रो उत्पादों का उपयोग केवल जरूरत के अनुसार ही करना चाहिए। इससे न केवल विदेशी मुद्रा बचेगी, बल्कि युद्ध के प्रतिकूल प्रभाव भी कम होंगे।
