• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

मोहाली में सुबह-सुबह बस और ट्रक के बीच टक्कर, हादसे में 20 से ज्यादा जख्मी

ByPunjab Khabar Live

May 15, 2026

मोहाली के जीरकपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत लाइट चौक के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है।

जानकारी के मुताबिक निजी बस मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब बस जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची तो पटियाला की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क के बीच पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से नीचे गिर गए, जबकि कुछ लोग बस के अंदर फंस गए। लोगों के अनुसार एक युवक बस के नीचे आ गया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कुचल गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

बस पलटने के कारण हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह बस और ट्रक की तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस दोनों वाहन चालकों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page