जालंधरः बीएसएफ हेडक्वार्टर के सामने 5 मई की रात हुए आईईडी ब्लास्ट करने वाले 28 साल के मनीर खान और वीडियोग्राफी करने वाले अनिल शर्मा को पुलिस ने वीरवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आतंकी बस में बैठ कर अमृतसर जा रहे थे कि पुलिस ने खुफिया विंग की इनपुट पर दोनों को पकड़ लिया। सीपी धनप्रीत कौर मामले को लेकर मीडिया से दूरी बनाए हुए है। दोनों से खुद सीपी और डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों सीआईए स्टाफ में पूछताछ कर रहे थे। खान दसवीं फेल है और इंस्ट्राग्राम के जरिये पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के टच में आया था।
ब्लास्ट के बदले खान को एक लाख मिले थे। खान ने कहा भट्टी ने ही यह ब्लास्ट करवाया है। खान से पूछताछ की जा रही है कि उसे बम कहा से मिला था। खान ने कहा भट्टी ने मुहैया करवाया था। पुलिस उसे शुक्रवार को उस जगह लेकर जाएगी,यहां से बम मिला था। यूपी के मुजफ्फरनगर के रहने वाले अनिल शर्मा एक एजेंसी का मुखबिर बताया जा रहा है। अनिल भी भट्टी के टच में था। अनिल ने कहा मुझे भट्टी ने कहा था कि आईएसआई ने बड़ा धमाके की जिम्मेदारी उसे सौंपी है। मेरा गुर्गा तैयार है,तुम ने केवल मुझे वीडियोग्राफी करते हुए लाइव दिखाना है कि धमाके कैसा हुआ। इसके एवज में अनिल को भी 50 हजार मिले थे।
