• Fri. Jun 5th, 2026

जालंधर में ज्योति नूरां के पति अभिषेक पर मारपीट के आरोप, तेजधार हथियार भी चले

ByPunjab Khabar Live

Jun 5, 2026

जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक में गुरुवार देर रात सूफी गायक ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान और उनके दोस्तों का एक राहगीर के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कार निकालने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने बताया कि वह अपनी कार से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहा था। उसके अनुसार उसने पहले से इंडिकेटर दिया हुआ था, लेकिन सामने एक कार रुक गई। कार में सवार चार-पांच युवकों ने कथित तौर पर उससे बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

सतिंदर पाल ने बताया कि घटना के दौरान उसने अपने बेटे को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उसके बेटे के साथ भी मारपीट की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमले में तेजधार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।

मारपीट में घायल होने के बाद बाप-बेटा इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि जिस कार को लेकर विवाद हुआ, वह कथित तौर पर सूफी गायिका ज्योति नूरा के पति अभिषेक उस्मान की थी। पीड़ित ने थाना-1 पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है।

मामले में दूसरे पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। फिलहाल उनका पक्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।

थाना-1 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page