• Fri. Jun 5th, 2026

‘मेरी नहीं तो किसी की नहीं’! मोहाली में ऑफिस में घुसकर प्रेमिका की ले ली जान

ByPunjab Khabar Live

Jun 5, 2026

मोहाली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने ऑफिस के अंदर घुसकर एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी चुपचाप कार्यालय में दाखिल हुआ और काम में व्यस्त युवती पर पीछे से हमला कर दिया। हमले के बाद युवती जान बचाने के लिए ऑफिस में इधर-उधर दौड़ती रही, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार चाकू से वार करता रहा।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने महज 35 सेकेंड के भीतर युवती पर करीब 30 बार चाकू से हमला किया। इस दौरान ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

जब आरोपी को लगा कि युवती की हालत गंभीर हो चुकी है और उसके बचने की संभावना नहीं है, तो उसने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया। घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतक युवती के बीच पहले प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले युवती ने उससे संबंध खत्म कर लिए थे। इसी बात से नाराज होकर युवक ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को पटियाला लेकर गए हैं।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों, दोनों के संबंधों और वारदात के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page