जालंधर के न्यू जवाहर नगर में मंगलवार को एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घर पर ईडी ने छापेमारी की है। ईडी की टीम सुबह मौके पर पहुंची और घर में दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि पंजाब में कई जगहों पर भी ईडी की रेड की गई है।
हालांकि, संबंधित व्यापारी और CA अमित बजाज को लेकर अभी तक पुलिस या ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। छापेमारी को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। रेड के बाद व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जालंधर के दो नेताओं के घर भी ईडी टीम के पहुंचने की सूचना मिली है। इससे पहले ईडी जालंधर में लवली यूनिवर्सिटी के चेयरमैन और पंजाब से राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के घर भी छापेमारी कर चुकी है।
एजेंसी की इस कार्रवाई पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा- ED पार्टी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ED की रेड कर रही है। ED पार्टी पंजाब के छोटे छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। मेरी सभी व्यापारियों से अपील है कि घबराने की कोई बात नहीं है। पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है। हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे।
