अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव बुधवार को और बढ़ गया। अमेरिकी सेना के अनुसार वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने होर्मुज स्ट्रेट के निकट ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कंट्रोल स्टेशनों और निगरानी रडार ठिकानों को निशाना बनाकर सैन्य कार्रवाई की।
अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने बहरीन में तैनात अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े पर ड्रोन हमले किए। बहरीन सरकार ने भी क्षेत्र में चेतावनी सायरन बजने की पुष्टि की है। इस घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
ईरान ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन सहित क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर 21 हमले किए हैं। हालांकि अमेरिका ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि ईरान की ओर से किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घटना के अगले दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि ईरान ने हेलिकॉप्टर गिराने में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है और इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।
