• Thu. Sep 24th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

बंजी जंपिंग के दौरान बड़ा हादसा, सेफ्टी रोप बिना छलांग लगाने से युवती की मौत

ByPunjab Khabar Live

Jun 15, 2026

भारत इंफो : ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में बंजी जंपिंग के दौरान हुई एक गंभीर लापरवाही ने 21 वर्षीय युवती की जान ले ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बंजी जंपिंग गतिविधि के दौरान कर्मचारियों ने युवती को सुरक्षा रस्सी (सेफ्टी रोप) लगाए बिना ही पुल से छलांग लगाने के लिए कह दिया, जिससे वह 130 फीट से अधिक गहराई में गिर गई और उसकी मौत हो गई।

मृतक युवती की पहचान मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी द्वारा आयोजित बंजी जंपिंग गतिविधि में हिस्सा लेने पहुंची थी। हादसा स्केलेटन ब्रिज पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी युवती को पुल के किनारे तक लेकर जाते हैं और उसे नीचे छोड़ देते हैं। जैसे ही युवती गिरना शुरू करती है, वहां मौजूद लोगों को एहसास होता है कि उसके साथ सुरक्षा रस्सी नहीं बंधी है।

वीडियो में कई लोग घबराकर “रोप… रोप…” चिल्लाते हुए सुनाई देते हैं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवती गहरी खाई में गिर चुकी थी।

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page