
जालंधर के किशनपुरा चौक के पास स्थित BMS Fashion शोरूम को अज्ञात बाइक सवार युवकों ने निशाना बनाया। शुक्रवार दोपहर हुई इस घटना में हमलावर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। फायरिंग के दौरान शोरूम का शीशा टूट गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना उस समय हुई जब बाजार में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग की घटना के बाद शोरूम मालिक ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और चलती बाइक से शोरूम की ओर फायरिंग कर फरार हो गए। दोनों हमलावरों ने अपने मुंह को ढका हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। आसपास के इलाके में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

