• Mon. Jun 15th, 2026

जालंधर के दशमेश नगर गोलीकांड के बाद वायरल पोस्ट से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

ByPunjab Khabar Live

Jun 15, 2026

जालंधर के दशमेश नगर में गोली मारकर की गई दो युवकों की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस वारदात में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सिमरनजीत सिंह निवासी अमन नगर मॉडल हाउस और सौरभ निवासी न्यू दशमेश नगर के रूप में हुई थी। अब जेल में बंद गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल के नाम से चल रहे एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि जालंधर के दशमेश नगर में हुई सौरभ की हत्या की जिम्मेदारी जोगा फोलड़ीवाल लेता है। पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि कुछ समय पहले सुखमन बरार को जेल में हुई कथित हानि का बदला लिया गया है। इसके अलावा पोस्ट में मृतक पप्पू को अपना भाई बताते हुए अन्य साथियों को भी चेतावनी दी गई है। पोस्ट के अंत में “वेट एंड वॉच” लिखकर आगे और कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजबीर उर्फ नन्नू से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं हत्या के पीछे गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल का कोई निर्देश या भूमिका तो नहीं थी। हालांकि अब तक आरोपी ने पूछताछ में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह सत्यापित किया जा रहा है कि अकाउंट वास्तव में जोगा फोलड़ीवाल का है या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने शरारतन यह पोस्ट साझा की है। साइबर टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया 32 बोर का पिस्तौल भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हथियार के अवैध होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और उसे किसने उपलब्ध कराया।

एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने कहा कि गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल द्वारा खुद को चर्चित करने के लिए इस तरह की पोस्ट डाली जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच में फिलहाल ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे हत्या में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका साबित होती हो। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page