
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर जालंधर के समाजसेवी और स्थानीय राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े जैसा फिरोजपुरिया और कुलवंत फिरोजपुरिया बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने दोनों भाइयों का पार्टी में स्वागत किया।
मान सरकार के कामों की सराहना
पार्टी में शामिल होने के बाद दोनों भाइयों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले चार वर्षों में पंजाब के विकास और जनकल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं और विकास कार्यों को वर्तमान सरकार ने अमल में लाया है, वैसा काम प्रदेश की पूर्व सरकारें नहीं कर सकीं।
उन्होंने यह भी कहा कि जालंधर वेस्ट क्षेत्र में विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान किया गया, जिससे आम जनता में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।
पार्टी को मिलेगा और बल : मोहिंदर भगत
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि फिरोजपुरिया भाइयों के आम आदमी पार्टी में शामिल होने से जालंधर वेस्ट में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।
समारोह में पार्षद हरजिंदर लाडा, सौरव सेठ, अमन सिंह, पूर्व पार्षद जगदीश समराय तथा स्वर्ण सिंह सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

