• Sat. Jun 20th, 2026

गुरदासपुर में अकाली नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

ByPunjab Khabar Live

Jun 20, 2026

गुरदासपुर के गांव किला लाल सिंह में शनिवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व सरपंच जसवीर सिंह गिल के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना के वक्त जसवीर सिंह गिल अपने घर के आंगन में टहल रहे थे। अचानक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

हमले के दौरान जसवीर सिंह गिल ने तुरंत घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जवाबी फायरिंग भी की। हालांकि, हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जसवीर सिंह गिल ने बताया कि उन्हें काफी समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने दावा किया कि करीब एक साल पहले उनके फार्महाउस पर भी हमला किया गया था। ताजा घटना के बाद उन्होंने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं इस घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है।

पुलिस अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page