• Thu. Sep 24th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में दोस्ती की आड़ में मौत का खेल, गुरप्रीत की दर्दनाक हत्या ने सबको झकझोर दिया

ByPunjab Khabar Live

Jun 26, 2026

जालंधर कैंट इलाके से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बाल कटवाने निकले एक युवक की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। गुरप्रीत उर्फ नोनी नामक युवक 22 जून को घर से बाल कटवाने के लिए निकला था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिवार ने उसे हर जगह तलाशी, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 23 जून को थाना कैंट में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक के दोस्त रवि को हिरासत में लिया। रवि, जो कैंटोनमेंट इलाके में एक ठेकेदार के पास जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर काम करता था, से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने गुरप्रीत की हत्या कर उसका शव डंप के नीचे दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है, साथ ही गुरप्रीत की बाइक भी कुकड़ गांव के पास नहर से बरामद की गई है।

परिजनों का आरोप है कि इस वारदात को रवि ने अकेले अंजाम नहीं दिया है, इसमें अन्य आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। मृतक के रिश्तेदार रणजीत सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहन जांच और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page